टूंडला। यमुना तलहटी स्थित सीयर देवी माता मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए की कवायद शुरू हो गई है। शुक्रवार को पर्यटन विभाग की टीम मंदिर पहुंची। टीम ने मौके पर जांच पड़ताल करते हुए सर्वे किया गया। टीम ने दो माह के अंदर पर्यटन स्थल कार्य शुरू कराए जाने की बात कही है।टूंडला से करीब 15 किलोमीटर दूर थाना नगला सिंघी क्षेत्र स्थित माता सीयर देवी मंदिर को पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटन स्थल घोषित किया गया है। पर्यटन विभाग के जूनियर इंजीनियर गुरवचन सिंह शुक्रवार दोपहर एक बजे करीब टीम के साथ मंदिर परिसर में पहुंचे। यहां टीम ने मंदिर परिसर की भौगोलिक स्थित देखी तथा सर्वे किया। टीम ने करीब एक घंटे से अधिक समय तक मंदिर व आसपास क्षेत्र को कैमरों में कैद किया।
जनप्रतिनिधियों द्वारा किए वादे के मुताबिक पर्यटन विभाग द्वारा दो वर्ष पूर्व भी वहां धर्मशाला, शौचालय, बिजली, पानी तथा बैठने की उचित व्यवस्था कराने के लिए बजट स्वीकृत किया था। कुछ काम भी हुआ था। अवर अभियंता गुरवचन सिंह ने बताया कि सीय रदेवी माता मंदिर को पर्यटन स्थल बनाए जाने को सर्वे कराया गया है। इस पर दो माह के अंदर कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य ललित नारायण बिल्लू, देवकरन दिलावर, महाराज सिंह, गंगाराम, महीपाल सिंह आदि मौजूद रहे।