फिरोजाबाद। निगम चुनाव की खुन्नस के चलते एक व्यक्ति पर हुए जानलेवा हमले के आरोप में निगम के पार्षद उनके पुत्र समेत छह नामजदों के विरुद्ध थाना दक्षिण में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
नरेंद्र सेक्टर 2 सुहाग नगर का निवासी है। 22 जुलाई को नरेद्र शाम करीब आठ बजे किसी जरूरी कार्य से जा रहा था। निकाय चुनाव के दौरान हुई कहासुनी के बाद पनपी खुन्नस के चलते वर्तमान पार्षद सुभाष यादव ने अपने पांच अन्य साथी व परिजनों की मदद से नरेंद्र को बनवारी लाल यादव के मकान के पास पकड़ लिया। पीड़ित का आरोप है कि पार्षद सुभाष यादव व उसके साथ मौजूद लोगों ने उसे लाठी-डंडे से मारा। भागने की कोशिश करने पर गोली मार कर हत्या करने की कोशिश तक की गई। पिटाई करने के दौरान ही गले में पड़ी सोने की चेन भी लूट ली।
पीड़ित नरेंद्र की तहरीर पर थाना दक्षिण पुलिस ने पार्षद सुभाष यादव, राहुल यादव, अंशुल और अतुल उर्फ रवि के अलावा अखिलेश यादव सहित अमन उर्फ बब्बी निवासी सुहाग नगर के विरुद्ध जानलेवा हमला, लूट और पिटाई सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसओ दक्षिण नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पार्षद व उनके कुछ साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।