फिरोजाबाद। मतदाताओं की मैपिंग कराने को बीएलओ दौड़े तो एक ही दिन में करीब 70 हजार मतदाताओं की मैपिंग कराने के साथ उसको ईबीएलओ एप पर अपलोड करने का काम कर दिया। मतदाताओं के कम से कम नोटिस जारी करने पड़े इसके लिए मैपिंग का काम काफी तेजी से किया जा रहा है। जिले में नौ मैपिंग वाले मतदाताओं की संख्या बृहस्पतिवार की शाम तक और कम हो जाएगी। 9 दिसंबर की शाम तक जिले में नो मैपिंग वाले मतदाताओं की संख्या चार लाख 47669 थी। लेकिन एक दिन में यह संख्या दस दिसंबर की शाम तक घटकर तीन लाख 78805 हो गई है। करीब 68864 मतदाताओं को 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग का काम पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी 2053 बूथों पर बीएलओ के द्वारा वोटरों की मैपिंग के काम करने के साथ फार्म लेकर जाने के बाद वापस नहीं करने वालों की खोज की जा रही है। ताकि अधिक से अधिक वोटर के नाम सूची में शामिल हो सकें। एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा ने कहा कि जिले में बीएलओ के द्वारा मैपिंग का काम काफी तेजी से किया जा रहा है। मैपिंग का काम पूर्ण होने के बाद शेष बचे मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस को भी प्रिंट किए जाने का काम प्रारंभ करा दिया गया है। इसके साथ फार्म जमा नहीं कराने वालों की खोज की जा रही है। संवाद