फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए तैनात किए गए कोविड कर्मियों केे एक बार फिर महीने भर का सेवा विस्तार मिल गया है। अब जिले के 70 कोरोना योद्घा 31 जुलाई तक सेवा दे सकेंगे। कोविड महामारी के दौरान मेडिकल कॉलेज स्थित कोविड एल टू अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बने एल-वन अस्पतालों के लिए स्वास्थ्यकर्मियों व अन्य स्टॉफ की भर्ती की गई थी। इनकी सेवा 31 मार्च 2022 तक निर्धारित थी। कोरोना के मामले बढ़ने के कारण एक एक माह कर अब तक 14 बार सेवा विस्तार मिल चुका है। विगत मई महीने में इन कर्मियों को एक महीने का सेवा विस्तार कर तत्कालीन मिशन निदेशक रवींद्र कुमार ने अल्टीमेटम दिया था कि अब इनकी सेवा विस्तार नहीं किया जाएगा। इस आदेश के बाद कोरोना योद्घा चिंतित नजर आ रहे थे। लेकिन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने पत्र जारी कर इनकी सेवा 31 जुलाई तक बढ़ाने का निर्देश दिया। एसीएमओ डाॅ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि कोरोना में तैनात किए कर्मचारियों के विस्तार के आदेश आ गए हैं। शासन के आदेश का पालन किया जाएगा। जिले में करीब 70 कोरोना योद्घाओं को इसका लाभ मिलेगा।