पीएम आवास योजना के 3563 आवंटियों के खातों में शीघ्र पहुंचेगी दूसरी किस्त
सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन, रसोई गैस कनेक्शन, शौचालय एवं आयुष्मान कार्ड भी जारी किए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 3563 आवंटियों को शीघ्र दूसरी किस्त आवंटित की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है। सीडीओ दीक्षा जैन ने जिले के सभी बीडीओ को इसकी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ताकि मार्च माह में सभी के खातों में दूसरी किस्त जारी की जा सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में आवास बनाने को आवेदन करने वाले गरीब तबके के लोगों को आवास बनाने को धनराशि दी जा रही थी। वित्तीय वर्ष 2022-23 में जिले के 3563 आवंटियों को आवास बनाने के लिए हरी झंडी प्रदान की गई। शासन ने दूसरी किश्त इसी माह जारी करने के आदेश दिए है। इसके लिए जिले के सभी नौ ब्लाकों के बीडीओ से किश्त को जारी करने संबंधी सभी प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के आवंटियों को केंद्र सरकार की ओर से जारी स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, सौभाग्य योजना के तहत बिजली का कनेक्शन, उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस का कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड योजना सहित अन्य केंद्रीय योजनाओं का लाभ संबंधित विभागों की ओर से दिलाया जाएगा। शीघ्र ही दूसरी किश्त जारी की जाएगी।
प्रदीप कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए