शिकोहाबाद। आवास-विकास कॉलोनी में दस एमवीए का ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इसके चलते कई मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। रखरखाव के उपाय न करने पर एसडीओ अनिल कुमार और जेई अनिल कुमार का मुख्य अभियंता प्रभाकर पाण्डेय ने जसराना तबादला कर दिया। एई मीटर जसराना हरी सिंह को शिकोहाबाद में एसडीओ का चार्ज दिया गया है। नौशहरा वर्कशॉप में तैनात जेई दिनेश शर्मा को आवास-विकास कॉलोनी का जेई बनाया गया है। ज्ञात हो इससे पहले भी 10 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर में गिलहरी फंसने से ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया था। तब विभाग के एमडी नितीश कुमार ने तत्कालीन एक्सईएन एवं एसडीओ समेत दो जेई के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस संबंध में एक्सईएन विद्युत अतीष आनंद ने बताया कि अधिकारियों का स्थानांतरण विभागीय प्रक्रिया के तहत किया गया है।
रखरखाव के नाम पर बिजली कटौती से लोग परेशान
फिरोजाबाद। विद्युत कटौती उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गई है। तीन दिन तक बारिश के दौरान कटौती के बाद रखरखाव के नाम पर घंटों आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। एसएन बिजलीघर पर 10 केवीए ट्रांसफार्मर के रखरखाव का काम रविवार को भी चलता रहा। सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक आपूर्ति बंद रही। एक बजे के बाद सप्लाई को पांच बजे तक के लिए फिर बंद कर दिया गया। बाईपास फीडर से जुड़े आधा दर्जन मोहल्लों में लोग परेशान रहे। जेई बबलू गौतम ने बताया कि यार्ड में मेंटीनेंस का काम कराया गया।
अघोषित बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश
मक्खनपुर। क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश है। पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा रहा है। लोगों का कहना है कि 12-12 घंटे बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। पानी की दिक्कत के साथ मोबाइल फोन और इनवर्टर तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि विभाग के अधिकारियों के फोन मिलाओ तो रिसीव नहीं करते हैं। लोगों ने डीएम से आपूर्ति सुचारू करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। मांग करने वालों में देवेश, राम सिंह, विजय कुमार, आदिश, उदय सिंह और मौजूद हैं।