फिरोजाबाद। जसराना तहसील के सात किसानों के द्वारा बैंक का ऋण तथा बिजली के बकाया बिल को नहीं चुकाने पर संपत्ति कुर्क करने के आदेश एसडीएम जसराना ने दिए हैं।
एसडीएम जसराना पारसनाथ मौर्य ने बताया कि जसराना तहसील क्षेत्र में बैंक या बिजली बिल के बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी करने के बाद भी बिल को नहीं भरा जा रहा है। अमीनों के द्वारा कई बार दस्तक दी गई। एसडीएम जसराना ने ऐसे बकाएदारों की संपत्ति को कुर्क करने के आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश की प्रति चस्पा कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसमें जसराना तहसील क्षेत्र के कौरारा बुजर्ग निवासी शिवदयाल एवं चरन सिंह बैंक के बकाएदार होने के कारण वहीं विद्युत के बाकीदार शादीपुर निवासी किसान सुनहरीलाल की दो लाख 20 हजार रुपये जमा नहीं कराए जाने के कारण कुर्की के आदेश दिए हैं। तहसील क्षेत्र के गांव नगला गंगे निवासी बेताल सिंह पर तीन लाख 16 858 रुपये जमा नहीं कराए जाने के कारण एवं इसी गांव के निवासी बैंक के बकाएदार जगत सिंह की 14.64 लाख से अधिक की संपत्ति को कुर्क करने के आदेश दिए हैं।
नगला कन्ही (नगला शादी ) निवासी रामदास पर विद्युत के 3.26 लाख से अधिक बकाया है। वहीं नगला उदी निवासी महिला रानी देवी पर 3.31 लाख से की बकाएदार होने के कारण संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए हैं। एसडीएम जसराना पारसनाथ मौर्य ने कहा कि जिन बाकीदारों के द्वारा अभी तक धनराशि जमा नहीं कराई है। वह तत्काल जमा कराएं। अन्यथा विभाग के द्वारा संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।