टूंडला। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंगलवार सुबह एसडीएम ने औचक निरीक्षक किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें सड़कों पर भारी गंदगी और उस पर विचरण करते हुए निराश्रित गोवंश मिले। यह देख उनका पारा चढ़ गया तथा नाराजगी जताई। इसके साथ ही सभी 25 वार्डों का लेखपालों के माध्यम से सर्वे कराया। जहां पांच सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले।
शहर सफाई व्यवस्था ठीक न होने की एसडीएम डॉ गजेंद्रपाल सिंह को शिकायतें मिल रहीं थी। इसको लेकर मंगलवार सुबह सात बजे वे एटा रोड पर पहुंच गए। एटारोड पर बस स्टैंड के पास गंदगी के ढेर व उनके ऊपर निराश्रित गोवंश व कुत्तों को देख उनका पारा चढ़ गया। जब वे ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे तो कदाचित वहां भी वही हाल था। उन्होंने ईओ आशुतोष त्रिपाठी पर नाराजगी जताते हुए वहां पड़ी गंदगी को हटवाए जाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने लेखपालों के माध्यम से सभी वार्डो में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति को चेक कराया। इस दौरान कुल पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिसमें विक्की, मुकेश, जयकुमार, दिलासाराम और सूरज हैं। एसडीएम ने ईओ आशुतोष त्रिपाठी को अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था की जानकारी कराने के लिए औचक निरीक्षण कराया गया था। निरीक्षण में गंदगी मिली और कर्मचारी अनुपस्थित मिले हैं, जिनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।