फिरोजाबाद। शिक्षा माफिया जिले में सैकड़ों बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। मंगलवार को डीआईओएस निशा अस्थाना फतेहाबाद रोड पर संचालित स्कूलों में जांच करने पहुंची। यहां कई स्कूल बिना मान्यता के संचालित मिले। वहीं कुछ स्कूलों के पास आठवीं तक की मान्यता होन के बाद भी 12 वीं तक की कक्षाएं संचालित हो रहीं थीं। एक स्कूल तो आगरा के एक कॉलेज में छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन कराकर 12वीं तक की कक्षाएं संचालित कर रहा था। डीआईओएस ने पांच स्कूलों को नोटिस जारी कर तत्काल बंद करने के आदेश दिए हैं। अन्यथा इन स्कूलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है। डीआईओएस ने सबसे पहले गढ़ी तिवारी पुलिया फतेहाबाद रोड पर गंगादेवी इंटर कॉलेज में पहुंची। जहां देखा कि नौ से 12 तक की कक्षाएं संचालित हो रहीं थी। मान्यता दिखाने के लिए कहा तो स्कूल संचालक ने बताया कि आठवीं तक की मान्यता मिली। स्कूल संचालक को तत्काल विद्यालय में संचालित अतिरिक्त कक्षाओं को बंद करने के आदेश दिए। उसके बाद दूसरा निरीक्षण शंकरपुर फतेहाबाद रोड पर कृष्णा पब्लिक स्कूल का किया। जहां कक्षा एक से 10 तक कक्षाएं संचालित होती मिली। मान्यता दिखाने के लिए कहा तो एक भी कक्षा की मान्यता स्कूल संचालक नही दिखा सका। तीसरा निरीक्षण गरिमा पब्लिक स्कूल सोफीपुर फतेहाबाद का किया। जहां में कक्षा एक से 12वीं तक कक्षाएं संचालित मिली। यहां कक्षा एक से पांचवीं की मान्यता थी। छात्र-छात्राओं को यहां तक पता था कि उनका रजिस्ट्रेशन किसी और कॉलेज में कराया गया है। चौथा निरीक्षण ज्ञानगंगा इंटर कॉलेज का किया। जहां कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं संचालित मिली। डीआईओएस ने संचालक से मान्यता दिखाने के बोला तो बताया कि आठवीं तक की मान्यता है। जब स्कूल संचालक से आठवीं तक की मान्यता मांगी तो उसकी प्रति भी नहीं दिखा सका। डीआईओएस ने सख्ती से पूछताछ की तो जानकारी हुई कि नौ से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन आगरा जिले के एक स्कूल में कराया गया है। पांचवां निरीक्षण जिला मुख्यालय के निकट नगला सोती में एसटीएन इंटर कॉलेज का किया । जहां विद्यालय में कक्षा 12वीं तक कक्षाएं संचालित थी। डीआईओएस ने सभी स्कूल संचालकों से शपथ पत्र देने के आदेश दिए हैं। साथ कहा कि वह विद्यालय का संचालन अब नहीं करेंगे। यदि विद्यालय संचालित मिला तो कार्रवाई की जाएगी।