फिरोजाबाद। ग्रामीण स्वच्छताग्राही कर्मचारी संघ ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर प्रभारी डीपीआरओ को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने न्यूनतम वेतनमान दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि हमारी मांग पर अमल नहीं किया गया तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीण स्वच्छताग्राही कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मुन्नालाल निषाद के नेतृत्व में मंगलवार को जिले के स्वच्छताग्राही एकत्रित होकर जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन पर पहुंचे। उन्होंने सीडीओ एवं डीपीआरओ को संबोधित ज्ञापन प्रभारी डीपीआरओ धनराज सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि जिले के सक्रिय स्वच्छताग्राही के द्वारा लखनऊ में आठ जनवरी को अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। क्योंकि स्वच्छताग्राही को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अक्तूबर 2023 को स्वच्छता दिवस के मौके पर सीतापुर के नेमि शारण्य में न्यूनतम वेतन देने की बात कही थी। लेकिन इस घोषणा के बाद अभी तक आदेश जारी नहीं हुआ है। उन्होंने न्यूनतम वेतनमान को जारी किए जाने की मांग की है। मांग करने वालों में समीर खान, राकेश कुमार, कुमारी मनोज, कुमारी मधु, कुमारी वर्षा, विपिन कुमार सहित अन्य काफी स्वच्छताग्राही शामिल थे।