फिरोजाबाद। जिले के ग्रामीण अंचलों में संचालित 318 परिषदीय विद्यालयों के आंतरिक भाग एवं आसपास स्वच्छता संबंधी सुविधाओं का अभाव है। इन सभी विद्यालयों के इर्दगिर्द जलभराव एवं मार्गों की दशा भी खराब है। इन सभी विद्यालयों में जलभराव और सफाई संबंधी व्यवस्था सुधार को बीएसए ने जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र लिखा है। इन स्कूलों की सूची भी भेजी है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले के ग्रामीण अंचलों में संचालित परिषदीय विद्यालयों का सर्वे कराया था। जुलाई के प्रथम सप्ताह में कराए सर्वे के दौरान जिले के सभी नौ ब्लाक क्षेत्रों में और शहरी सीमा से सटे क्षेत्रों में संचालित 318 परिषदीय विद्यालयों में गंदगी और जलभराव मिला। कई विद्यालयों की ओर जाने वाले मार्गों की दशा भी बेहद खराब मिली।
सर्वाधिक स्थिति टूंडला ब्लॉक क्षेत्र में संचालित 65 विद्यालयों की खराब है। नारखी में 13, जसराना में 35, फिरोजाबाद में सात, एका में 59, हाथवंत में 54, अरांव में पांच और शिकोहाबाद में 28 स्कूलों के आंतरिक भाग में सफाई एवं आसपास जलभराव की स्थिति है। बीएसए अंजली अग्रवाल ने जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा को पत्र लिखकर सभी विद्यालयों में सफाई व्यवस्था और जलभराव की समस्या के निदान के लिए कहा है।