फिरोजाबाद। सैलई स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बुधवार को करीब छह घंटे बंद रहा। विद्युत विभाग द्वारा शटडाउन लिए जाने के कारण प्लांट पर बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। प्लांट से बंद रहने के कारण शहर में सुबह और शाम की पाली में पेयजल संकट गहरा गया।
मरम्मत संबंधी कार्य के चलते बिजली विभाग ने बुधवार को सुबह आठ बजे से दो बजे तक शटडाउन लिया गया। शट डाउन के कारण सैलई स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट करीब छह घंटे तक बंद रहा। प्लांट बंद रहने के कारण सत्यनगर टापा कलां,नगला बरी,हनुमान जलाशय,गढ़ैया मोहल्ला,रसूलपुर आदि क्षेत्रों में पानी की टंकी नहीं भर पाईं। वहीं टंकियों से पानी की सप्लाई प्रभावित होने के कारण शहर के 30 से अधिक मोहल्ला के घरों में सुबह और शाम की पाली में पानी नहीं पहुंचा। लोग रोजमर्रा के जरूरत योग्य पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहे। एक्सईन जलकल तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि बिजली सप्लाई नहीं मिलने के कारण सैलई प्लांट करीब छह घंटे बंद रहा। बृहस्पतिवार से जलापूर्ति सुचारू रहेगी।