फिरोजाबाद। जिले के नौ ब्लॉकों में संचालित 48 परिषदीय स्कूलों में बिजली कनेक्शन नहीं हैं। इनमें अब विद्युत कनेक्शन के लिए 15.70 लाख रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। इसके लिए विभाग की ओर से ऊर्जा निगम को स्टीमेट बनाकर भिजवा दिया है। झटपट योजना से जून में ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले सभी स्कूलों में विद्युत कनेक्शन हो जाएंगे।जिले में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 1681 परिषदीय स्कूलों का संचालन किया जाता है। लेकिन जिले के 48 परिषदीय स्कूल ऐसे हैं, जहां विद्युत कनेक्शन तक नहीं हैं। अब इन स्कूूलों में बिजली की सुविधा प्राप्त होगी। इसके लिए शासन ने विद्युत कनेक्शन करवाने के लिए 15.70 लाख से अधिक की राशि जारी की है। इस राशि के मिलने के बाद विभाग ने स्टीमेट बनाकर ऊर्जा निगम को भेज दिया है। बताया गया कि यह सभी ऐसे स्कूल हैं, जहां से विद्युत लाइन 40 मीटर से अधिक दूरी पर है। जिला समन्वयक अनिल कुमार ने बताया कि इन सभी 48 स्कूलों में विद्युत कनेक्शन झटपट योजना के तहत लगाए जाएंगे। जून में ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले इन स्कूलों में विद्युत कनेक्शन लग जाएंगे तो स्कूल खुलने पर बच्चों और शिक्षकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।