फिरोजाबाद। कोलकाता में ट्रेनी चिकित्सक की हत्या के मामले में अभी तक सख्त कदम उठाए न जाने पर रेजिडेंट चिकित्सकों की नाराजगी कम नहीं हुई है। रक्षाबंधन के दिन भी चिकित्सक मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में धरने पर डटे रहे। रेजिडेंट चिकित्सकों ने रक्षाबंधन पर एसपी सिटी और सीओ सिटी के राखी बांधकर सुरक्षा का वचन लिया।बीते एक सप्ताह पूर्व कोलकाला में चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। इसके बाद रेजिडेंट चिकित्सकों ने शुक्रवार से हड़ताल कर शुरु कर दी और धरने पर बैठ गए। रक्षाबंधन के दिन भी चिकित्सकों का धरना चालू रहा। धरना स्थल पर एसपी सिटी सर्वेश मिश्रा, सीओ सिटी सहित अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। चिकित्सकों ने उन्हें राखी बांधी और वचन लिया कि वह चिकित्सकों की सुरक्षा हमेशा करेंगे। धरने का नेतृत्व कर रहे डा. प्रभात ने कहा कि कोलकाता में जिस प्रकार घटना हुई है, उस घटना ने चिकित्सकों का हौंसला घटाया है। जब तक चिकित्सकों को सुरक्षा का पूरा भरोसा नहीं दिलाया जाता है, यह धरना जारी रहेगा।