क्लब चौराहे पर किया गया सड़क का मरम्मत कार्य।
- फोटो : क्लब चौराहे पर किया गया सड़क का मरम्मत कार्य।
फिरोजाबाद। सड़कों पर उड़ रही धूल की खबर प्रकाशित होने के बाद निगम प्रशासन में बृहस्पतिवार को हलचल दिखी। निगम प्रशासन ने सुबह क्लब चौराहे पर खोदी गई सड़क और हनुमान रोड पर हुई रोड कटिंग की मरम्मत करवा दी।टीटीजेड एरिया में अत्याधिक धूल उड़ने के कारण चिह्नित हॉट स्पॉट क्षेत्र में धूल उड़ने की खबर का प्रकाशन 6 मार्च के अंक में सड़कों पर उड़ रही धूल, नोटिस तक सिमटी निगम की कार्रवाई शीर्षक के साथ प्रमुखता से प्रकाशित की गई। बिना अनुमति सड़क खुदाई प्रकरण में बरती जा रही हीलाहवाली पर भी सवाल खड़े किए गए। खबर अधिकारियों के संज्ञान में आते ही निगम प्रशासन सक्रिय हो गया। निगम की टीम सुबह ही क्लब चौराहा पर पहुंच गई। टीम ने सड़क पर पैचवर्क कराया। निगम सूत्रों के मुताबिक क्लब चौराहे पर सड़क सुधार का काम शुक्रवार तक पूरा करा लिया जाएगा। वहीं काफी दिन पूर्व हनुमान रोड क्षेत्र में पाइप लाइन डालने को खोदी गई सड़क पर निगम का दस्ता हाॅटमिक्स प्लांट से पैचवर्क कराता नजर आया। एक्सईएन आशीष शुक्ल का कहना है कि क्लब चौराहा व अन्य चौराहों पर सड़कों पर पेचवर्क का काम एक-दो दिन में पूरा करा लिया जाएगा।