फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र निवासी एक महिला ने स्टाम्प पंजीयन एवं निबंधन विभाग में तैनात कर्मचारियों पर मनगढ़ंत तरीके से नोटिस जारी करने एवं 15000 रुपये अवैध वसूली का आरोप लगाया है। महिला ने इस आशय का एक शिकायती पत्र जिलाधिकारी को दिया है।
रामवती पत्नी बादशाह निवासी नगला भाट ने बताया कि उसने बीते दिनों आवासीय क्षेत्र नई बस्ती में एक मकान का बैनामा कराया है। बैनामा के उपरांत जांच को आए स्टाम्प पंजीयन एवं निबंधन विभाग के एक कर्मचारी ने उनके भवन को व्यवसायिक क्षेत्र में स्थित दर्शाते हुए मनगढ़ंत तरीके से 70,230 रुपये स्टाम्प चोरी का नोटिस जारी कर दिया। महिला की माने तो बाद में विभाग में तैनात एक लिपिकीय संवर्ग के व्यक्ति ने मामले को निपटाने के लिए उससे 15 हजार रुपये ऐंठ लिए और निस्तारण भी नहीं कराया। महिला ने साक्ष्य के साथ जिलाधिकारी को शिकायत दर्ज कराई है। संवाद