फिरोजाबाद। नगला बीच स्थित राशन विक्रेता ने गरीबों को मिलने वाला करीब सौ क्विंटल राशन का गेहूं व चावल ब्लैक में बिक्री कर दिया। राशन विक्रेता के यहां मिले राशन को दूसरे दुकानदार को सुपुर्दगी में दे दिया है। एआरओ ने उक्त विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। नगला बीच स्थित राशन विक्रेता धर्मेंद्र गुप्ता के खिलाफ ग्रामीणों ने जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी कुमारी से शिकायत की थी। राशन सामग्री का वितरण नहीं करने एवं बिना केवाईसी वाले कार्डधारकों को राशन सामग्री नहीं दिए जाने का आरोप लगाया था। जिला पूर्ति अधिकारी ने क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी मनोज गहराना के साथ ही जांच करने को पहुंची थी, लेकिन राशन विक्रेता को नहीं मिलने के कारण उक्त दुकान को सील कर दिया था। क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी मनोज गहराना ने नायब तहसीलदार टूंडला की मौजूदगी में जांच की गई तो दुकान पर 142 कट्टे गेहूं एवं 135 कट्टे चावल पाया गया।
गेहूं एवं चावल को पास के दुकानदार राजेंद्र सिंह की सुपुर्दगी में दिया गया। वहां वितरण के बाद जब 23.79 क्विंटल गेहूं एवं 74.23 क्विंटल चावल कम पाया गया। उन्होंने कहा उक्त राशन सामग्री की काला बाजारी करके बिक्री कर दी है। एआरओ मनोज गहराना ने इस मामले में राशन विक्रेता धर्मेंद्र गुप्ता के खिलाफ थाना रजावली में अभियोग दर्ज कराया है। पुलिस ने अभियोग दर्ज करने के साथ मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।