फिरोजाबाद। दुष्कर्म पीड़िता ने मंगलवार को मक्खनपुर थाने के बाहर न्याय न मिलने पर विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर आई। युवती ने दुष्कर्म के आरोपी सिपाही द्वारा विषाक्त पदार्थ की पुड़िया देने की बात कही है। बता दें कि चार जुलाई को आरोपी सिपाही पर मुकदमा दर्ज होने के बाद उसे निलंबित किया जा चुका है। पीड़िता ने सीओ शिकोहाबाद पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जनपद औरैया की रहने वाले एक युवती ने चार जुलाई को मक्खनपुर थाने में हाथरस के सादाबाद राजनगर हसनपुर निवासी पुष्पेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुष्पेंद्र उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। युवती ने बताया कि मार्च 2021 में सिपाही से फेसबुक के द्वारा मुलाकात हुई थी। इसके बाद कानपुर, औरैया, आगरा और नोएडा के होटलों में सिपाही ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए थे। शादी न करने के लिए बहाने खोजने लगा। इसके बाद दहेज में 25 लाख की मांग की। एकाएक शादी करने से इन्कार कर दिया।
मंगलवार को मेडिकल कराने के लिए पीड़िता मक्खनपुर थाने आई थी। जहां उसकी मुलाकात आरोपी सिपाही पुष्पेंद्र से हुई। पुष्पेंद्र से उसकी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि इसके बाद पुष्पेंद्र ने उसे एक पुड़िया में कुछ विषाक्त पदार्थ दे दिया। उसे खाने को कहा, इस पर युवती ने उसे खा लिया। कुछ देर में ही उसकी हालत बिगड़ गई। उसे आनन-फानन में सरकारी ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। जहां होश में आने के बाद पीड़िता ने कहा कि पुष्पेंद्र ने थाने के गेट पर उसे पुड़िया दी। कहा कि तू खा ले, तुम मर जाओगी तो मेरे ऊपर से दुष्कर्म का मुकदमा हट जाएगा। इससे आहत होकर उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
-
रफादफा करो मामला, विभाग की नहीं करेंगे बदनामी
पीड़िता ने सरकारी ट्रॉमा सेंटर में होश में आने के बाद बताया कि शिकायत देने के बाद मामले की जांच 11 जून को सीओ शिकोहाबाद पर पहुंची थी। आरोप है कि सीओ ने पीड़िता से कहा था कि 10 लाख देकर मामला रफादफा करो। हम अपने विभाग की बदनामी नहीं करेंगे। हम तो सिपाही को बचा लेंगे। सीओ का कहना है कि महिला सरासर झूठ बोल रही है।
-
मुकदमा दर्ज होते ही निलंबित हो गया था सिपाही
सीओ शिकोहाबाद प्रवीन तिवारी ने बताया कि घटना हमारे यहां की नहीं है। फिर में जांच के बाद मामले में चार जुलाई को मुकदमा दर्ज करा दिया गया था। मुकदमा दर्ज होते ही सिपाही को निलंबित कर दिया गया था। उसे मेडिकल और बयान के लिए बुलाया गया था।
मक्खनपुर थाने पर दर्ज मुकदमे से संबंधित पीड़िता की हालत बिगड़ गई। जिसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसका आरोप है कि सिपाही पुष्पेंद्र ने उसे पुड़िया में कुछ देकर खिलाया गया है। तथ्यों के आधार पर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है।
-सर्वेश कुमार मिश्र, एसपी सिटी