फिरोजाबाद। आसमान में छाई घटाएं सोमवार शाम को तेज आंधी के बाद बरसना शुरू हो गई। इसी बीच ओले भी गिरने लगे। बारिश होने के साथ ही शहर में चल रहे रामलीला के मंचन में व्यवधान डाल दिया। बारिश के कारण मंचन को बीच में रोकना पड़ा। रामलीला ग्राउंड में बैठी भीड़ पानी से बचने का इंतजाम करती दिखाई दी। रामलीला चौराहे के साथ कई स्थानों पर जलभराव हो गया।
मौसम विभाग की ओर से 15 से 17 अक्तूबर के मध्य बारिश होने की आशंका जताई थी। 15 अक्तूबर का दिन तो ठीकठाक गुजर गया, लेकिन 16 अक्तूबर को सुबह से आसमान में घटाएं घिरती दिखाई दीं। दिन में मौसम में गर्मी रही, लेकिन शाम को तेज आंधी चली और इसके बाद ठंडी हवाएं चलने का दौर प्रारंभ हो गया। 7.30 बजे गरज एवं चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश की शुरुआत होने के साथ ही हर कोई बचाव करता दिखाई दिया। शाम को जिस समय बारिश प्रारंभ हुई उस समय मां राज राजेश्वरी कैला देवी भवन पर काफी श्रद्धालुजन मौजूद थे। कोई प्रसाद बांट रहा था तो कोई नेजा चढ़ा रहा था।
बारिश होते ही हर कोई बचाव करने को दौड़ने को मजबूर हो गया। इसी तरह की स्थिति रामलीला प्रांगण में देखने को मिली। बारिश के कारण रामलीला का मंचन रोकने के साथ ही सभी पात्रों को हॉल में लीला का मंचन कराया गया। जलभराव होने के कारण दुकानदार परेशान दिखे, वहीं खेल तमाशे एवं झूले भी बंद करने पड़े।