टूंडला। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक व दो पर शीतल पेयजल की व्यवस्था न होने से रेलयात्री ट्रेन के रुकते ही शीतल पेयजल के लिए दौड़ लगाते थे, लेकिन नलों से खौलता पानी देख वापस मायूस हो जाते थे। अमर उजाला ने यात्रियों की इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो रेल प्रशासन हरकत में आ गया। बुधवार को रेल प्रशासन ने दो वाटर कूलर लगाने का काम किया है, इससे रेलयात्री खुश हैं। यात्री की पानी की समस्या को अमर उजाला ने सोमवार के अंक में प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए रेल प्रशासन ने प्लेटफार्म पर तत्काल दो वाटर कूलर लगाने के टूंडला अधिकारियों को निर्देश दिए। बुधवार को रेल प्रशासन ने प्लेटफार्म एक व दो के पूर्वी व पश्चिमी ओर दो वाटर कूलर लगाने का कार्य शुरू कर दिया। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया है कि प्रत्येक प्लेटफार्म पर शीतल पेय की सुविधा महैया कराई जा रही है।