टूंडला। लोको पायलट के साथ दादरी में हुए प्रकरण को लेकर नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मैंस यूनियन ने उप मुख्य यातायात प्रबंधक कार्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया। दादरी स्टेशन अधीक्षक के विरुद्ध जांच व कार्रवाई की मांग की। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि दादरी के स्टेशन अधीक्षक मुनीराज मीणा ने टूंडला हेड क्वाटर के लोको पायलट पवन कुमार के विरुद्ध आरपीएफ में झूठी शिकायत करते हुए गिरफ्तारी कराई थी। इसे यूनियन कदापि बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अगर दादरी स्टेशन अधीक्षक के विरुद्ध जांच व कार्रवाई नहीं होती तो यूनियन उग्र आंदोलन करेगी। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। उप मुख्य यातायात प्रबंधक अमित सुदर्शन ने यूनियन के पदाधिकारियों से वार्ता की तथा स्टेशन अधीक्षक दादरी के विरुद्ध जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। विरोध प्रदर्शन मे सरदार सिंह, जयकिशन अजवानी, अमितपाल सिंह, सतीश कुमार, वशी अहमद, विनोद यादव, संजीव यादव, सुनील कुमार, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।