फिरोजाबाद। आईटीएमएस सिस्टम से जुड़ा होने के बाद भी शहर के पांच प्रमुख चौराहे अतिक्रमण के मकड़जाल में उलझे हैं। अतिक्रमण के जाल में उलझे इन चौराहों पर जाम के कारण ही सुहागनगर चौराहा से जाटवपुरी तक सर्विस रोड पर जाम की स्थिति कायम रहती है।
शहर में यातायात व्यवस्था के निर्बाध संचालन को शहर के प्रमुख चौराहों पर आईटीएमएस सिस्टम (इटेलीजेंस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम ) लागू है। यातायात पुलिस भी कोटला चुंगी, जैन मंदिर, नगला बरी, क्लब चौराहा और सुहागनगर चौराहा के अलावा गांधी पार्क पर मुस्तैद रहती है। नगर निगम के प्रवर्तन दल की टीम की चहलकदमी भी भी इन चौराहों पर रोजाना रहती है। इसके बाद भी शहर के प्रमुख इन चौराहों की पटरी एवं सड़क पर अवैध खोखा, ठेल संचालकों, पक्की दुकान के बाहर लगे फड़ व काउंटर सुबह से शाम तक लगे रहते हैं। जिसकी वजह से चौराहों से दोपहिया व चार पहिया वाहनों का निकलना दूभर होता है। चौराहों पर अतिक्रमण के कारण सुहागनगर चौराहा से जाटवपुरी चौराहा तक समूचे सर्विस रोड एवं सुभाष तिराहा से स्टेशन रोड तिकोनिया तक वर्षों पुरानी जाम की समस्या आज भी जस की तस है।