फिरोजाबाद। जिले में जमीन खरीदना एक बार फिर महंगा हो जाएगा। तहसीलों में जमीन की सर्किल दरें बढ़ाने की तैयारी कर ली गई है। नई दरें अगले माह (अगस्त) से लागू की जाएगी। नई दरों के हिसाब से जिले में आवासीय अथवा कॉमर्सियल भवनों व प्लाटों की खरीद-फरोख्त करने पर जेब पर खर्चे का बोझ बढ़ना तय है। यह सर्किल दरें तीन वर्ष बाद बढ़ने जा रही है। कृषि और आवासीय भूमि के साथ दुकान गोदाम व व्यवसायिक भवन खरीदने के साथ किराया भी बढ़ जाएगा। निकायों के सटे इलाकों में दरे अधिक बढ़ेंगी।
शासन के निर्देश पर पांचों तहसीलों में कृषि,आवासीय भूमि के साथ व्यवसायिक भवनों की सर्किल दरें बढ़ाने की तैयारी है। सदर तहसील के अंतर्गत नगरीय क्षेत्र में हाईवे व मुख्य मार्गों से सटे क्षेत्रों में 20 प्रतिशत तक वृद्धि करने का प्रस्ताव है। अर्द्ध नगरीय क्षेत्र में दरें 15 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में कृषि भूमि, आबादी, मुख्य मार्गों से सटे मार्गों पर स्थित भूमि की दरें 10 प्रतिशत बढ़ाए जाने की तैयारी की जा रही है।
हाईवे के किनारे के 20 ग्रामीण क्षेत्र शहर में किए शामिल
फिरोजाबाद तहसील में सिक्सलेन हाइवे से सटे 20 ग्रामीण इलाकों को नगरीय क्षेत्र में शामिल करते हुए वहां की सर्किल दरें अधिक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। यहां जमीन की सर्किल दरें अधिक बढ़ने की संभावना है। क्योंकि हाइवे के किनारे की जमीन के सर्वाधिक डिमांड रहती है। रुपसपुर गुदाऊं चौराहा से कुर्रीकूपा होते हुए हिरनगांव रेलवे क्रासिंग तक दस हजार रुपया प्रति वर्गमीटर, मीरा चौराहे से लालऊ तिराहा तक, मीरा चौराहे से हिमायूंपुर तिराहे तक,रेहना नाला से लालऊ गांव तक,एनएचटू से दक्षिण नाला की दोनों पटरियों पर सुहानगर पुलिस बूथ तक,फतेहाबाद रोड से 90 बीघा चौराहा तक 15 हजार रुपया प्रति वर्गमीटर,मीरा चौराहे से आकलपुर दामोदरपुर तक 10200 रुपया प्रति वर्गमीटर तक, थाना रामगढ़ से बंबा बाईपास सांती रोड तक सहित कई प्रमुख मार्गों पर सर्किल दरें बढ़ना तय है।
-सर्किल दरों को 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। जिले की पांचों तहसीलों से सर्वे कराके प्रस्ताव मांगे गए हैं। 15 जुलाई तक प्रस्ताव आने के बाद जिला स्तरीय टीम अध्यन करेगी। उसके बाद नई सर्किल दरें अगस्त माह से लागू होगी। - चंद्रभूषण पांडेय, एआईजी स्टांप