फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल के 44977 परीक्षार्थी पहली बार बदले हुए पैटर्न पर परीक्षा देंगे। जिसमें छात्र-छात्राओं को उत्तर पुस्तिका के साथ ओएमआर सीट भी दी जाएगी। 20 नंबर के प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे जिसका जवाब ओएमआर पर देना होगा। ओएमआर भरने में एक गलती भी हुई तो पूरे 20 नंबर कट जाएंगे। क्योंकि ओएमआर का मूल्यांकन स्कैनिंग मशीन और कम्प्यूटर से होगा। ऐसे में ओएमआर पर भरा जाने वाला विवरण गलत होने पर ओएमआर का मूल्यांकन ही नहीं किया जाएगा। शिक्षकों ने ओएमआर सीट को भरने के लिए छात्र-छात्राओं को सुझाव दिए हैं।
हाईस्कूल विज्ञान विषय के पेपर सहित अन्य विषयों में 20 बहुविकल्पीय सवाल ओएमआर शीट पर देने होंगे। जो उन्हें आता हो, उसे पहले ओएमआर सीट पर भरें। भौतिक, रसायन व जीव विज्ञान में सवाल आते हैं। उन सवालों की संख्या तय है। इस वर्ष हाई स्कूल विज्ञान के पेपर में खंड-अ में बहुविकल्पीय सवाल होंगे। जो ओएमआर शीट पर हल करने होगे। काले प्वाइंट पेन से सही विकल्प वाला गोला भरना होगा, गोला पूरा भरना होगा। - हिमांशू शर्मा, विज्ञान शिक्षक
डीएवी इंटर कॉलेज
छात्रा छात्राओं को परीक्षा के समय प्रबंधन का भी ध्यान रखना होगा। परीक्षा की समय सीमा पहले की तरह तीन घंटे ही निर्धारित है। तीन घंटे में ही बच्चों को ओएमआर शीट सहित उत्तरपुस्तिका पर जवाब देना होगा। सभी विषयों में ओएमआर शीट का प्रयोग बीस नंबर के प्रश्नों के लिए किया जाएगा। परीक्षा के समय जल्द बाजी और घबराएं नहीं। एकाग्रचित्त होकर धैर्य रखकर पेपर हल करे। -आदित्य कुमार, गणित शिक्षक, राजकीय विद्यालय नियामतपुर टूंडला
यह सावधानियां बरतें छात्र-छात्राएं
- केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन से सही गोले को गहरे निशान से भरिए।
- प्रत्येक प्रश्न का उत्तर, उत्तर पत्रक में दिए गए क्रमांक के सामने गोले में निशान लगाकर दीजिए। हर प्रश्न के चार विकल्प हैं।
-ओएमआर पर सभी प्रविष्टियां सावधानीपूर्वक भरें, उसमें कटिंग ओवर राइटिंग कदापि न करें।
- ओएमआर पर व्हाइटनर का प्रयोग न करें तथा उसे खुरचें नहीं अन्यथा उत्तर का मूल्यांकन नहीं होगा।
- प्रत्येक प्रश्न का उत्तर केवल एक ही पूरे गोले में गहरा तथा पूरा निशान लगाकर दीजिए।
-उत्तर के लिए दिए गए सही गोले में निशान लगाएं। उत्तर पत्रक पर अन्य कहीं-कोई निशान न लगाएं।