जसराना। जसराना में विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण मोहल्ला मझौआ, बनियात, टीकतपुरा, घिरोर रोड की बिजली रविवार शाम से सोमवार सुबह दस बजे करीब 12 घंटे तक गुल रही। बिजली गुल होने के कारण करीब 20 हजार की आबादी प्रभावित रही। बिजली सोमवार की सुबह दस बजे सुचारु हो सकी। रातभर लोग भीषण गर्मी में परेशान हो गए। लोग सुबह पानी के लिए भी तरसते रहे। बिजली आने पर लोगों ने राहत महसूस की। कस्बा जसराना के मोहल्ला मझौआ, बनियात, टीकतपुरा मोहल्लों को विद्युत आपूर्ति देने के लिए कस्बा के घिरोर रोड पर मौजूद पुराने बिजलीघर पर ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। शनिवार की शाम करीब दस बजे अचानक विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली के जाने पर लोग परेशान हो उठे। लोगों ने पता किया तो मालूम हुआ कि ट्रांसफार्मर में आई कमी के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। रात के 12 बजे तक लोग कर्मचारियों के साथ फाल्ट को सही कराने का प्रयास करते रहे। लेकिन फाल्ट सही नहीं हो सका। सोमवार की सुबह कर्मचारी पहुंचे और ट्रांसफार्मर के अंदर आई खराबी को सही किया। सोमवार की सुबह दस बजे आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। भीषण गर्मी में 12 घंटे तक आपूर्ति न मिलने पर लोग परेशान रहे। अवर अभियंता अरुण कुमार ने बताया ट्रांसफार्मर के अंदर से एक फेस जल गया था। रात में सही नहीं होने पर उसे सुबह के समय सही करा विद्युत आपूर्ति को सुचारू करा दिया है अब कोई परेशानी नहीं है।