फिरोजाबाद। आसफाबाद बिजली फीडर पर मरम्मत कार्य के चलते सोमवार को सैलई स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की आपूर्ति चार घंटे प्रभावित रही। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुई इस कटौती के कारण शहर की उपरिगामी पेयजल टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर सकीं, जिसका सीधा असर शाम की जलापूर्ति पर पड़ा। शहर के कई मोहल्लों में सोमवार शाम को महज 30 मिनट ही पानी की सप्लाई मिल सकी, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलकल विभाग के एक्सईएन सतीश कुमार ने बताया कि बिजली कटौती के कारण प्लांट बंद रहा था, हालांकि मंगलवार सुबह से जलापूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है। संवाद