शिकोहाबाद। कटरा बाजार स्थित शान वाली गली में खिलौना कारोबारी मुरारीलाल गुप्ता के यहां हुई लाखों की चोरी के मामले में 72 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। मकान में किराए पर रह रहे आरोपी इंजीनियरिंग छात्र हिमांशू ने जन्मदिन की पार्टी के बहाने कारोबारी और उनके पुत्र विनय को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया था और घटना को अंजाम देकर फरार हो गया था। उस समय कारोबारी की पत्नी हेमलता अयोध्या गई हुई थीं। तीन दिन बीतने के बावजूद आरोपी का सुराग न लगना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है और फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार का कहना है कि पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। संवाद