बाइक लूट की सूचना पर दौड़ी पुलिस, मामला फाइनेंस का निकला
बीमार रिश्तेदार को देखने आगरा जा रहे थे मां-बेटे
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे बाइक सवार मां-बेटे को पल्सर सवार युवकों ने रोक लिया। पल्सर सवार युवक से मारपीट कर बाइक छीन ले गए। हाईवे पर लूट की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। जांच में मामला फाइनेंस का निकला। पुलिस ने बाइक वापस कराते हुए मामला खत्म करा दिया।
घटना रविवार सुबह 11 बजे करीब की है। फिरोजाबाद के एका निवासी प्रिंस पांडेय अपनी मां मंजू देवी के साथ आगरा के ओम हॉस्पिटल में बीमार मामी को देखने जा रहे थे। वे एफएच मेडिकल कालेज के पास पहुंचे तभी पीछे से पल्सर बाइक पर आए तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया तथा प्रिंस से मारपीट कर बाइक छींनकर आगरा की ओर भाग गए। युवक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने मामले की जांच की तो मामला बाइक पर फाइनेंस का निकला। बाइक छीनकर ले जाने वाले युवक फाइनेंस कंपनी के लिए काम करने करने वाले गुर्गे थे। पीड़ित के तहरीर देने के बाद पुलिस ने बाइक छीनकर ले जाने वालों को बुलाकर बाइक वापस कराई तथा मामला शांत करा दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि लूट की घटना झूठी है। बाइक को फाइनेंस वाले ले गए थे। हमें कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।