फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में शराब पिलाने इन्कार करने पर खुद को पुलिस का मुखबिर बताकर होटल संचालक की पिटाई कर दी। संचालक खुद को बचाने के की मिन्नतें करता रहा, लेकिन किसी ने एक न सुनी। दबंग उसे सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटते रहे। पुलिस ने आरोपियों के बजाय पीड़ित को ही थाने बुलाकर बैठा लिया और बाइक भी पकड़ ली। पुलिस की कहानी अलग है, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों का आपसी झगड़ा था। दोनों को हिरासत में लिया गया था।
आगरा के इधौन निवासी नवाब शहर के रेलवे स्टेशन के सामने ही छोटा से होटल संचालित कर अपना व अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। होटल संचालक ने बताया कि सोमवार शाम तीन युवक शराब पीने के लिए उसके होटल पर आए, लेकिन उसने मना कर दिया। युवक जबरन होटल में घुस आए। संचालक द्वारा विरोध करने पर युवकों ने खुद को दक्षिण पुलिस का मुखबिर बताकर बेरहमी से सड़क पर गिराकर उसकी पिटाई कर दी। उसने जान बचाने के लिए लोगों से मिन्नतें कीं लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीनों युवकों को मौके से ही छोड़ दिया और पीड़ित को तहरीर देने के बात कहकर थाने ले आए। जहां पुलिस ने होटल संचालक को थाने पर बैठा लिया और उसकी बाइक भी रख ली। उसने बताया कि पुलिस ने रात 12 बजे के बाद उसे छोड़ा। पीड़ित का आरोप है कि बाइक छोड़ने के नाम पर पुलिस ने सुविधा शुल्क की मांग की। इस बारे में थाना दक्षिण प्रभारी वैभव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को हिरासत में लिया था। देर रात समझौता हो गया है।