शिकोहाबाद। रविवार को सुबह घर से कोचिंग की कहकर निकले चारों छात्र अलीगढ़ जंक्शन से बरामद हो गए। पुलिस रात में ही उन्हें लेकर थाने आई। पुलिस ने चारों बच्चों को उनके परिजन को बुलाकर सुपुर्द कर दिए। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि परिजन की डांट की बजह से घर से चले गए थे। बच्चों को पाकर अभिभावक खुश नजर आए। रविवार को घर से निकले चारों बच्चे गोमती एक्सप्रेस में बैठ गए। उन्हें अपनी मंजिल का भी पता नहीं था कि कहां जाना है। जब गोमती एक्सप्रेस अलीगढ़ जंक्शन पर रुकी तो चारों बच्चे निवासी स्वामी नगर अनुज, निखिल, अश्वनी और अंश वहां उतर गये। इसके बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हो गई। एक साथ चार बच्चों को प्लेटफार्म पर घूमते देख जीआरपी की नजर उन पर पड़ी तो पुलिस ने उन्हें रोका और पूछताछ की। बच्चों ने पूछताछ में बताया कि घर वालों उन्हें डांटते व मारते हैं। इसीलिए लिए घर से भागे है। जीआरपी के जवानों ने चारों बच्चों को चौकी पर बैठा कर उनके स्थानीय थाना पुलिस को फोन किया। जानकारी मिलने पर चौकी इंचार्ज माधौगंज उप निरीक्षक अंकित मलिक और एसएसआई तेजवीर सिंह अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए और देर रात चारों बच्चों को लेकर थाना आए। सुबह बच्चों के परिजन को बुला कर उनके सामने बच्चों से पूछताछ की तो बच्चों ने बताया कि उनके परिजन उन्हें डांटते हैं। भाई और माता-पिता की डांट से क्षुब्ध होकर ही उन्होंने घर से भागने का प्लान बनाया था। प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा ने अभिभावकों से भी बच्चों के साथ सामान्य तरीके से पेश आने के लिए कहा कि अनावश्यक रूप से बच्चों पर प्रेशर न डालें। अगर कोई बात है, तो उसे बैठ कर समझाएं, ना कि डांटे।