सूर्य नगर में प्लास्टिक कचरा सुलगने के बाद उठते,काले धुआं के गुबार।
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। वायु प्रदूषण के लिहाज से अति संवेदनशील नगर निगम क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता खराब करने वाले कारकों की निगरानी का काम ढीला है। यही कारण है कि शहर में कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक जनित अपशिष्ट खुले सुलगते दिख रहे हैं। इसी तरह की तस्वीर मंगलवार को सूर्यनगर थाना उत्तर क्षेत्र में दिखी। टीटीजेड क्षेत्र में शामिल नगर निगम फिरोजाबाद में हवा की गुणवत्ता खराब करने वाले तत्वों पर प्रभावी अंकुश एवं अनदेखी करने वालों पर सख्ती के निर्देश हैं। इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं नगर निगम को निगरानी का जिम्मा है। इसके बाद भी आये दिन प्लास्टिक जनित अपशिष्ट एवं कूड़ा -कचरा सुलगता दिख रहा है। मंगलवार को भी थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला सूर्यनगर स्थित एक खाली प्लाट में प्लास्टिक अपशिष्ट सुलगते दिखे। प्लास्टिक अपशिष्ट जलाते वक्त असमान में काले धुआं के गुबार भी काफी देर तक दिखाई दिये। लेकिन रोकथाम के लिए जिम्मेदार विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। वहीं पूछे जाने पर सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद ने कहा कि जांच कराई जाएगी। जांच के बाद चिन्हित लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी।