फुलेरा दूज पर शादी समारोहों की धूम रही
सुहागनगरी में फुलैरा दूज पर हर तरफ शहनाई की गूंज सुनाई दी। शहर के हाइवे, प्रमुख मार्गों से लेकर गली-मोहल्लों में शादी समारोह में बैंडबाजों की धुन पर बराती नाच रहे थे। शादी समारोह के चलते शहर के सभी होटल, मैरिज होम व धर्मशालाएं हाउसफुल रहे। वहीं सामूहिक विवाह समारोह की धूम रही।
फुलैरा दूज पर सुहाग नगरी में सैकड़ों जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। शादी समारोह के लिए पहले से ही बैंडबाजे, पंडित, ब्यूटी पार्लर वाले बुक हो गए थे। गुरुवार को शहर के ब्यूटी पार्लरों पर भीड़भाड़ रही। इधर शादी समारोह के लिए अच्छी-खासी खरीदारी हुई। रेडीमेड गारमेंट्स, इलेक्ट्रानिक, बर्तनों की दुकानों, जनरल स्टोर पर भी दिन भर भीड़भाड़ नजर आई। शहर के होटल, मैरिज होम, रिसोर्ट व धर्मशालाओं में शादी समारोह के साथ सामूहिक विवाह समारोह की धूम रही।
अखिल भारतीय लोधी राजपूत क्षत्रिय महासभा द्वारा जयगुरुदेव आश्रम बिल्टीगढ़ चौराहा मक्खनपुर में 17 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। मुख्य अतिथि अध्यक्ष देवीराम राजपूत, संयोजक मनीराम राजपूत, उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राजपूत, मास्टर किशोरीलाल, डा. भगवत स्वरूप, मानसिंह राजपूत, जवाहर सिंह राजपूत राजेश कुमार, कप्तान सिंह राजपूत ने वर-वधू को सफल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। लवकुश कल्याण समिति द्वारा कोटला रोड स्थित रामप्रकाश कुशवाहा आदर्श विद्यालय पर 24 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया। समिति द्वारा सभी जोड़ों को उपयोग सामान प्रदान किया गया। प्रजापति उत्थान समिति द्वारा अन्नू धर्मशाला खंजापुर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया।