टूंडला के राजा का ताल में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
- फोटो : AMAR UJALA
टूंडला। लॉकडाउन के बीच शनिवार को थाना क्षेत्र के गांव राजा का ताल में खरीदारी के लिए लोग उमड़ पड़े। जरूरी सामान की खरीदारी की लोगों में ऐसी होड़ मची थी, कि वे सोशल डिस्टेंस भी भूल गए। इस बीच वहां पुलिस का एक सिपाही तक नजर नहींआया। कोरोना वायरस से बचाव के लिए शासन प्रशासन जनता को जानकारियां देते हुए पूरा प्रयास कर रहा है। बावजूद लोगों के समझ में नहीं आ रहा। लोग लॉकडाउन को मजाक समझ रहे हैं। जब भी मौका मिलता है, घरों से निकल पड़ते हैं। शनिवार सुबह लोगों ने हद ही पर कर दी। थाना क्षेत्र के राजा का ताल में आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग खरीदारी करने के लिए परचून की दुकानों पर पहुच गए। दुकानों पर खरीदारी के लिए भीड़ जुटी हुई थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो वह फ्री में कुछ बंट रहा हो। भीड़ इतनी थी कि लोगों ने रोड जाम कर दिया। लोग खरीदारी के लिए सोशल डिस्टेंस भूल गए। एक दूसरे पर चने का प्रयास करते हुए खरीदारी करते रहे। इस बीच वहां न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी पहुच न ही पुलिस। थाना प्रभार ज्ञानेंद्र कुमार से जब जानकारी चाही तो उनका कहना था कि भीड़ लगाकर ख़रीदारी करने की जानकारी नही है। लोगों को बार बार समझाया जा रहा है, किन्तु लोग समझ नही रहे।