फिरोजाबाद। तक्षशिला एक्सप्रेस से पत्नी, साढ़ू और बच्चों के साथ घर जा रहे बिहार निवासी यात्री की बृहस्पतिवार को तबीयत बिगड़ गई। गार्ड से जानकारी पर आरपीएफ ने नान स्टापेज ट्रेन पर स्टेशन पर रुकवा कर सभी को उतारा। उन्हें एंबुलेंस से ट्राॅमा सेंटर ले जाया गया। वहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिहार, बांका के गांव खड़ऊवा राताखेसर निवासी 36 वर्षीय व्यास दास दिल्ली की फैक्टरी में काम करते थे। काफी समय से बीमार व्यास दास अपनी पत्नी संजो देवी, साढ़ू भवीशन दास और चार बच्चों के साथ तक्षशिला एक्सप्रेस के दिव्यांग कोच में बैठ कर भागलपुर जा रहे थे। वहां से उन्हें अपने गांव जाना था। ट्रेन में खाना खाने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। पत्नी ने इसकी जानकारी गार्ड को दी। आरपीएफ ने शाम चार बजे ट्रेन को स्टेशन पर उतरवाया। आरपीएफ के जवान दिनेश कुमार मरीज को एंबुलेंस से ट्राॅमा सेंटर लेकर आए।