मक्खनपुर। गाय-भैंस का दूध उतारने वाले घातक ऑक्सिटोसिन इंजेक्शन पर भले ही रोक लगी हो। लेकिन डिस्टिल वाटर में केमिकल मिलाकर इंजेक्शन तैयार करने का खेल कसबा मक्खनपुर में पिछले कई माह से चल रहा था। मंगलवार रात पुलिस ने मक्खनपुर के एक घर में छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष मक्खनपुर प्रदीप कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ऑक्सिटोसिन इंजेक्शन बना रहे है। मंगलवार रात स्टेशन रोड स्थित एक घर में दबिश दी गई थी। आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने नाम भगवान सिंह निवासी स्टेशन रोड मक्खनपुर व मेहताब सिंह, राम कुमार और गौरव निवासी नगला खंगर बताए। उनके कब्जे से 499 ऑक्सिटोसिन इंजेक्शन बरामद किए गए। यह इंजेक्शन पशु पालकों को सौ से लेकर 120 रुपये तक में बेचा जाता था। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। जिस घर में इंजेक्शन बनाए जा रहे थे। वह भगवान सिंह का बताया गया है।