पशु व्यापारी की जेब से उड़ाई एक लाख की नकदी, एक पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मक्खनपुर। जेबकट ने पशु व्यापारी की जेब से एक लाख रुपये की नकदी उड़ा दी। ऑटो सवार पशु व्यापारी ने एक जेबकट को पकड़ लिया। उससे करीब 52 हजार रुपये की नकदी बरामद हो गई। जबकि जेबकतरा का साथी बाकी रकम लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
राकेश कुमार निवासी नगला बहादुर पशु व्यापारी है। सोमवार की सुबह वह सिरसागंज क्षेत्र में जा रहा था। रास्ते में जैसे ही वह नवादा के समीप पहुंचा। वैसे ही ऑटो में बैठे दो जेबकटों ने उसकी जेब में रखी लगभग एक लाख की नकदी उड़ा दी। अचानक जब पशु व्यापारी ने अपनी जेब देखी तो उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर जुटी भीड़ ने एक जेब कतरा को पकड़ लिया। उसके पास से करीब 52 हजार रुपये की नकदी बरामद हो गई। जबकि शेष रुपये जेबकतरा का दूसरा साथी लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची थाना मक्खनपुर पुलिस पकड़े गए जेबकतरा से पूछताछ कर रही है।