Firozabad News: ट्रक और ट्रैक्टर में आमने-सामने की भिड़ंत, एक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सोमवार की तड़के ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में आमने सामने भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, ट्रैक्टर पर सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए भेजने के साथ ही क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया।
ट्रक और ट्रैक्टर में आमने-सामने की भिड़ंत
जसराना थाना क्षेत्र के बड़ागांव गांव निवासी चंद्रशेखर (24) ट्रक में बाइक लेकर एटा की तरफ से आ रहा था। जबकि, प्रतापपुर चौराहा शिकोहाबाद निवासी शिवकुमार अपने पुत्र विशाल के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सीमेंट भरकर एटा की तरफ जा रहे थे। थाना क्षेत्र के ही एटा-शिकोहाबाद मार्ग के झपारा गांव के निकट तेज गति से आ रहे दोनों वाहन आपस में भिड़ गए। भिड़ंत इतनी तेज थी कि काफी तेज आवाज हुई और आसपास के लोग जग गए। वह आवाज वाली दिशा की ओर दौड़ पड़े।
लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
मौके पर पहुंचे लोगों ने गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर पर सवार पिता-पुत्र को उपचार के लिए भेजने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ट्रक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद काफी देर तक यातायात बाधित रहा। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों की भिड़ंत में ट्रक चालक की मौत हो गई है। वहीं घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।