आगरा। शासन स्तर से प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में पढ़ाई के लिए संशोधित शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया गया है। इसके अनुसार विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 5 से 20 दिसंबर तक करानी हैं। सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षाएं 4 दिसंबर तक पूरी करानी हैं। 30 दिसंबर तक परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाना है।
विशेष सचिव, शासन गिरिजेश कुमार त्यागी की ओर से विश्वविद्यालयों के कुलसचिव को शैक्षणिक कैलेंडर के पालन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अनुसार प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर से 5 जनवरी, 2023 तक घोषित किया जाएगा।
वहीं, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में कैलेंडर के अनुसार दिसंबर में सेमेस्टर परीक्षाएं करा पाना मुश्किल है। स्नातक की कक्षाएं देर से शुरू हो पाई हैं। परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश अभी तक चल रहे हैं। कक्षाएं कम चलने से ही 14 से 16 दिसंबर तक युवोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पहले दिसंबर के पहले समाप्त में कराने की योजना थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं जनवरी में कराए जाने की योजना बनाई है।
सम सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम
कैलेंडर के अनुसार सम सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षाएं 14 मई, 2024 तक पूरी करानी है। परीक्षाओं की तारीख 15 से 30 मई, 2024 निर्धारित की गई है। परीक्षा का परिणाम 15 जून तक घोषित किया जाना है। ग्रीष्मकालीन अवकाश की तारीख 1 से 30 जून दी गई है।
वार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम
प्रायोगिक परीक्षाएं 14 मई, 2024 तक पूरी करानी है। परीक्षाओं का आयोजन 15 से 30 मई तक कराना है और 15 जून तक परिणाम घोषित करना है।