फिरोजाबाद। आगरा के आरटीओ प्रशासन संजय तिवारी और आरटीओ प्रवर्तन अखिलेश द्विवेदी ने सोमवार को दबरई स्थित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय के विभिन्न पटलों का जायजा लिया और वहां मौजूद फाइलों का रखरखाव जांचा। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने आवेदकों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं और समस्याओं का फीडबैक लिया। पटल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई पटलों पर अंकित क्रम संख्याएं धुंधली पड़ चुकी हैं। इस पर उन्होंने तत्काल स्पष्ट क्रम संख्या लिखवाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक पटल पर संबंधित कर्मचारी का नाम और वहां संपादित होने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित करने को कहा, ताकि आम जनता को भटकना न पड़े। पटलों की जांच के उपरांत आरटीओ प्रशासन और आरटीओ प्रवर्तन ने परिसर में स्थित ड्राइविंग लाइसेंस टेस्टिंग ट्रैक का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का भी जायजा लिया और अधिकारियों को नियमानुसार पारदर्शी तरीके से टेस्ट प्रक्रिया संचालित करने के सख्त निर्देश दिए। संवाद