फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियों को लेकर सोमवार को को एमजी इंटर कॉलेज के सभागार में बैठक हुई। इस दौरान डीएम डाॅ. उज्ज्वल कुमार ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार ही परीक्षाएं संपन्न कराने के निर्देश दिए। गड़बड़ी मिलने पर एनएसए की कार्रवाई करने की चेतावनी दी। डीएम डाॅ. उज्ज्वल कुमार ने कहा कि पिछले वर्षों में फिरोजाबाद सहित आसपास के जिलों के नाम चर्चा में रहे हैं। इसलिए 22 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ नकलविहीन कराई जाएंगी। इसलिए केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं पहले से ही परीक्षार्थियों के लिए फर्नीचर, शौचालय और स्वच्छ पानी की व्यवस्था कर लें। अगर कहीं समस्या आती है, तो डीआइओएस को अवगत कराते हुए उच्चाधिकारियों को भी जानकारी दें। केंद्रों पर 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था होनी चाहिए। केंद्र के बाहर किसी भी स्थिति में जमावड़ा नहीं लगने दें। अगर कहीं भी गड़बड़ी मिली तो केंद्र व्यवस्थापकों पर एनएसए की कार्रवाई होगी।
सीडीओ दीक्षा जैन ने कहा कि केंद्रों के प्रत्येक कक्ष को सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकाॅर्डर से जोड़ा जाए, ताकि परीक्षार्थियों पर पूरी तरह से नजर रखी जा सके। एसपी सिटी सर्वेश मिश्र ने कहा कि केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। डीआईओएस निशा अस्थाना ने प्रश्न पत्रों की गोपनीयता पर जोर देते हुए कहा कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक प्रश्न पत्रों की सील खोलें और पूरी सजगता के साथ परीक्षा कराएं। परीक्षा के बाद बंद वाहनों में उत्तर पुस्तिकाएं रखकर मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचाई जाएं। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार, एसडीएम सदर कृतिराज, जिला अभिहित अधिकारी डाॅ. सुधीार कुमार, बीएसए आशीष कुमार पांडेय, सीओ सिटी हिमांशू गौरव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।