फिरोजाबाद। गृहकर व जलकर की अदायगी न करने पर नगर निगम प्रशासन ने 12500 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है। यह भवन स्वामी फिरोजाबाद शहर के हैं। इन्हें जल्द से जल्द टैक्स जमा कराने के लिए कहा गया है। जल्द ही नगर निगम की टीम भी घर-घर पहुंचेगी। इसमें कई व्यवसायिक भवन भी शामिल है। सभी को 15 दिन में बकाया जमा कराने की हिदायत दी गई है। शहर के करीब 36000 भवन स्वामियों पर पिछले दो-तीन साल का करीब 25 करोड़ की धनराशि का गृह व जलकर बकाया है। उक्त बकाया की वसूली के लिए निगम प्रशासन ने अब सख्ती शुरू कर दी है। क्षेत्र व वार्डवार गठित टीमों से दैनिक वसूली का फीडबैक लिया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम द्वारा करीब 12500 भवन स्वामियों को चिहिंत कर डिमांड नोटिस जारी किए गए। उक्त सभी से 15 दिन में बकाया गृह व जलकर जमा कराने की हिदायत दी गई है। कर निर्धारण अधिकारी नीरज कुमार पटेल के मुताबिक लगातार की जा रही वसूली के परिणाम स्वरूप गत 1 अप्रैल से बीते 14 सितंबर तक 4.5 करोड़ रुपये बकाया गृह व जलकर की वसूली की जा चुकी है। अवशेष धनराशि को भी जल्द वसूली के प्रयास किए जा रहे हैं।