फिरोजाबाद। न्यायालय में हाजिर न होने पर उनके खिलाफ वारंट और सम्मन जारी किए जाते हैं। जिले के दो मुख्य थानों उत्तर और दक्षिण में भेजे जा रहे वारंट और सम्मन वापस ही नहीं आते हैं। साथ ही न तो उन मामलों के गवाह हाजिर होते हैं और न ही पैरोकार। इसके चलते एडीजे द्वितीय ने दोनों थानों के प्रभारियों को शुक्रवार को कोर्ट में तलब किया है। हाजिर न होने पर आईजी आगरा और एसएसपी को कार्रवाई के लिए सूचित किया जाएगा। फिरोजाबाद विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र एवं अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या दो सर्वेश कुमार पांडेय ने उत्तर थाना प्रभारी राजेश पांडेय और दक्षिण थाना प्रभारी योगेंद्रपाल सिंह के विरुद्ध नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने दोनों थानों के प्रभारियों को 17 जनवरी को न्यायालय के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के संबंध में पत्र लिखा है। दोनों थानों से संबंधित जो भी सम्मन वारंट निर्गत किए जाते हैं वह वापस भी नहीं आते हैं। इन थानों की पत्रावलियों में गवाह उपस्थित नहीं हो रहे हैं और ना ही पैरोकार उपस्थित रहते हैं। जिनके बारे में एसएसपी फिरोजाबाद को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। अगर दोनों थाना प्रभारी 17 जनवरी को न्यायालय में हाजिर नहीं हुए तो आईजी आगरा और एसएसपी को कार्रवाई के लिए सूचित किया जाएगा।