ताल (शोभनपुर) निवासी महिला नीता कुमारी सोमवार सुबह 10 बजे खेत पर चारा लेने की कह कर गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लोटी। काफी तलाशने के बाद भी जब कोई पता नहीं चला तो थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने को प्रार्थना पत्र दिया। मंगलवार सुबह परिवारीजन को तलाशने के दौरान नहर किनारे चप्पलें मिलीं, जिसके बाद परिवारीजन महिला की नहर में तलाश कर रहे हैं।
नगला ताल निवासी शिवराज सिंह ने थाने में तहरीर दी। बताया कि उसकी पत्नी पांच नवंबर को घर से सुबह दस बजे खेत से चारा लेने गई थी, लेकिन देर शाम तक लौट कर नहीं आई। तलाशी के दौरान नहर किनारे उसकी चप्पलें पड़ी मिलीं। महिला के पति ने बताया कि उसकी बेटी रचना की शादी दो वर्ष पूर्व यश उर्फ टिंकू निवासी कोटला मुबारकपुर साउथ एक्स नानकचंद्र बस्ती सुभाष गली नई दिल्ली से की थी। आरोप है कि यश उसकी बेटी रचना को शादी के बाद से ही प्रताड़ित कर रहा है।
शिवराज का आरोप है कि 26 अगस्त को यश और उसके साथियों ने धमकी दी थी कि मुकदमा वापस नहीं लिया तो जान से मार देंगे। इससे उक्त लोग उसकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी घटना घटित कर सकते हैं। प्रभारी निरीक्षक क्राइम रमेश चंद्र ने बताया कि महिला की नहर में डूबने की सूचना मिली है। आगरा से पीएसी गोताखोरों को बुलाकर तलाश कराई जा रही है। महिला के मिल जाने पर मामले की जांच की जाएगी।