टूंडला। सुभाष चौराहे पर सर्विस रोड के चौड़ीकरण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अभियान चला रही है। इसी के तहत सोमवार को एनएचएआई की टीम ने आगरा सर्विस रोड स्थित 70 दुकानों की पैमाइश की। जल्द ही दुकान एवं भूमि स्वामियों को मुआवजा देते हुए उन्हें ध्वस्त किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने करीब 20 साल पहले सुभाष चौराहे पर सड़क को फोरलेन व ओवरब्रिज बनाए जाने के लिए आसपास की भूमि को अधिग्रहित किया था। उस दौरान एक इमारत गिराने के दौरान हादसा हो गया था, जिसमें एक व्यापारी की मौत हो गई थी। उसके बाद एनएचएआई ने बिना दुकानों, भवनों को तोड़े ओवरब्रिज बनाते हुए यातायात सुचारू कर दिया। इसके चलते सभी सर्विस रोड सकरी गली बनकर रह गए थे।
पिछले सोमवार को एनएचएआई ने फिरोजाबाद सर्विस लेन स्थित एक इमारत व आगरा लेन स्थित बस स्टैंड को ध्वस्त कर दिया। अभी आगरा की दोनों लेन व फिरोजाबाद की अन्य दुकान व इमारतें टूटना बाकी हैं। यूं तो एनएचएआई अधिकतर दुकानदार व भवन स्वामियों को मुआवजा दे चुकी हैं, किंतु अभी अन्य बाकी हैं। सोमवार को एनएचएआई की टीम ने आगरा साइड की दोनों साइड की दुकानों व इमारतों को तोड़ने के लिए पैमाइश की।
ठाकुर बीरी सिंह काॅलेज की भूमि का मुआवजा दे दिया गया है, कुछ दुकानों का मुआवजा बाकी है। इसी तरह दूसरी ओर कुछ दुकानों व भवनों का मुआवजा बाकी है। इसके लिए करीब 70 दुकानों की पैमाइश की गई है। जल्द भुगतान कर उन्हें तोड़ा जाएगा। - भावेश पटेल, प्रोजेक्ट मैनेजर, आईआरबी, एनएचएआई, आगरा