नवविवाहिता की मौत, पति समेत पांच पर मुकदमा
फिरोजाबाद। थाना मटसेना क्षेत्र में एक नवविवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ससुरालजन शव को छोड़कर फरार हो गए। मैनपुरी निवासी विवाहिता के मायका पक्ष ने ससुरालीजन पर दहेज उत्पीड़न व उपचार कराने में लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के विरूद्व मुकदमा दर्ज किया है। रौली उर्फ प्रीति (25) निवासी दतावली थाना मटसेना की रविवार देररात को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ससुरालीजन शव को घर में छोड़कर भाग गए। पड़ोसियों की सूचना पर थाना मटसेना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। पुलिस का कहना है कि महिला गर्भवती थी। प्रसव संबंधी कई बीमारी के बाद भी ससुरालीजन ने उसके उपचार में लापरवाही की। मृतका के मैनपुरी निवासी मायका पक्ष के लोग भी पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। मायका पक्ष ने मृतका के पति देवेश समेत पांच लोगों के विरूद्व मामला दर्ज कराया है।