फिरोजाबाद। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 में शुक्रवार को चाबी से सड़क खुदाई का एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो को नगर आयुक्त ने संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश जारी किए हैं।नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 में दो माह पूर्व एक सड़क का निर्माण कराया गया था। सड़क निर्माण पर करीब 6.5 लाख रुपये की धनराशि खर्च होना बताया गया है। शुक्रवार को उक्त सड़क से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में एक युवक व उसका साथी मोटर साइकिल की चाबी से सड़क की परतें खोदते दिखाई दे रहे हैं। चाबी से सड़क खुदाई करने वाला युवक निगम का ही पूर्व ठेकेदार बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता पूर्व ठेकेदार शीलू यादव के अनुसार इस बाबत पूर्व में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर नगर आयुक्त ऋषिराज ने सड़क निर्माण की जांच कराने के लिए कमेटी गठित की है। कमेटी से जल्द रिपोर्ट देने को कहा है।