नारखी (फिरोजाबाद)। नारखी थाना क्षेत्र में खेत के विवाद को लेकर सो रहे चाचा की भतीजे ने साथियों के सहयोग से गला घोटकर हत्या कर दी। टीनशेड में हलचल होने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार के सदस्यों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के बेटे ने इस संबंध में चार लोगों को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हरदासपुर गांव निवासी बाचाराम (60) गांव के चौकीदार थे। उन्होंने अपनी कमाई से पत्नी मुन्नी देवी के नाम से वर्ष 2020 में परिवार के महेशचन्द्र से उनका खेत खरीदा था। खेत का बैनामा होने के बाद भी महेश ने कब्जा नहीं दिया। कई बार कहने पर खेत को भूल जाने की बात कही। जब उससे पुन: कब्जा देने की बात ही तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दिए। शुक्रवार की रात 12 बजे करीब गांव निवासी महेशचंद्र ने अपने तीन साथी धर्मेन्द्र, सोनू और अतेश के साथ टीनशेड के नीचे सो रहे बाचाराम पर हमला कर दिया। हलचल सुनकर परिजन भी मौके पर आ गए। परिजन को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। साथ ही बाचाराम को लेकर आनन-फानन में ट्रामा सेंटर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया। इधर मृतक के पुत्र धर्मेन्द्र ने मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि परिवार के चाचा भतीजे का विवाद है। मृतक के पुत्र ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा चार के खिलाफ दर्ज किया है। जिसमें मुख्य आरोपी महेश चंद्र और धर्मेन्द्र को गिरफ्तार भी कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।