एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक की बोतलों को कराया नष्ट
फिरोजाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषध प्रशासन ने बुधवार को मक्खनपुर क्षेत्र में अभियान चलाया। टीम ने दुकानों के लाइसेंस भी चेक किए। एक दुकान पर कोल्डड्रिंक की बोतलों को नष्ट कराया।
सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर सिंह के निर्देशन में बुधवार को टीम ने छापामार कार्रवाई की। मक्खनपुर में घनश्याम ट्रेडर्स पर 150 कोल्ड ड्रिंक की बोतल एक्सपायर्ड मिलीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इसे अपने सामने नष्ट कराया। एक दुकान से चाय का सैंपल भी भरा। टीम ने करीब 10 दुकानों को चेक किया। यहां दुकानों के पंजीकरण पाए गए। संवाद
सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने संभाला चार्ज
फिरोजाबाद। सीएमओ डॉक्टर दिनेश कुमार प्रेमी 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो गए। जिले में नए सीएमओ के रूप में डॉक्टर नरेंद्र कुमार ने चार्ज ग्रहण किया है।
डॉ. नरेंद्र जिले में एसीएमओ पद पर तैनात थे। सीएमओ का चार्ज संभालने के बाद उन्होंने बुधवार को अधीनस्थों से विभिन्न अभियानों पर बातचीत की। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारियों ने स्वागत किया। संवाद