यूपी बोर्ड : कंट्रोल रूम से 125 परीक्षा केंद्रों से देखी व्यवस्थाएं
फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले के 125 केंद्रों की निगरानी रविवार से शुरु कर दी गई। अवकाश के दिन भी डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से जिले के सभी केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। कुछ कैमरों में कक्ष का पूरा भाग नहीं दिख रहा था, कॉलेज प्रधानाचार्यों को फोन कर उसे ठीक कराया गया।
डीआईओएस कार्यालय में स्थापित किया कंट्रोल रूम अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। यहां 10 टीवी स्क्रीन पर 125 केंद्रों की निगरानी की जा रही है। डीआईओएस निशा अस्थाना ने खुद एक-एक कॉलेज को सीसीटीवी कैमरे से चेक किया। कुछ कॉलेजों के कैमरे बंद नजर आए तो 24 घंटे कैमरों को चालू रखने की हिदायत भी दी गई। कई कॉलेजों के कैमरों पर धुंध छाई हुई थी, इस कारण परीक्षा केंद्रों का नजारा स्पष्ट नहीं आ रहा था। कॉलेजों में कंट्रोल रूम से फोन करके कैमरों को सही कराया गया। अब शासन को जिले में बने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की रिपोर्ट जाएगी। डीआईओएस निशा अस्थाना ने बताया कि कंट्रोल रूम की शुरुआत हो गई है। सभी कॉलेज जुड़ चुके हैं। कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। परीक्षा में गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।