शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। हाईवे स्थित जरैरा कट के पास ट्रक के रौंदने से बाइक सवार सास-बहू की मौत हो गई। पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हाईवे पर पड़े मृत कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक फिसलने के कारण हुआ। वह साले की अंत्येष्टि में शामिल होकर इटावा से वापस लौट रहा था। एक साथ दो मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। घायल का उपचार चल रहा है।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के खंजापुर निवासी रमाशंकर (35), पत्नी अनीता देवी (30) व मां राजकुमारी (55) के साथ बाइक से इटावा के पचावली स्थित अपनी ससुराल में साले मनोज की अंत्येष्टि में शामिल होने गया था। मंगलवार को बाइक से वापस घर लौट रहा था। थाना शिकोहाबाद के अंतर्गत हाईवे स्थित जरैरा कट के पास पहुंचा था। हाईवे पर सामने मृत पड़े कुत्ते देखकर खुद बचने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने पत्नी अनीता व मां राजकुमारी को रौंद दिया। दोनों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि रमाशंकर घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए भेजा।
मां और पत्नी के शव देखकर फूट-फूट कर रोया रमाशंकर
हाईवे पर हादसे के बाद पत्नी अनीता, मां राजकुमारी के शव को देखकर रमाशंकर फूट-फूट कर रोने लगा। दोनों की मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताकर कोस रहा था। ग्रामीणों ने उसे ढांढस बधाया। हादसे को देखकर ग्रामीण भी भावुक हो गए।